वाराणसी: चैत्र नवरात्र के पावन पर्व को लेकर वाराणसी नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें नवरात्र के दौरान पूर्ण रूप से बंद रहेंगी। यह निर्णय महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में लिया गया।बैठक में कहा गया कि नवरात्र के दौरान शहर में धार्मिक वातावरण और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए इस आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नवरात्र शुरू होने से पहले सभी प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर तत्काल पैचवर्क और गड्ढों की मरम्मत कराई जाए। इसके साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूने का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने जलकल विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं होनी चाहिए और पेयजल आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहे। वहीं आलोक विभाग को मंदिरों तक जाने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर मार्ग प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया, ताकि नवरात्र पर्व के दौरान शहर में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार सिंह, विनोद कुमार गुप्ता, जलकल महाप्रबंधक अनूप सिंह, पियूष नेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।