रांची : झारखंड पुलिस में सिपाही स्तर पर बड़ी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य पुलिस मुख्यालय ने कुल 9362 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके तहत रिक्त पदों, बैकलॉग और आरक्षण रोस्टर का पूरा विवरण तैयार कर लिया गया है।पुलिस मुख्यालय की कार्मिक शाखा द्वारा अब इन पदों को भरने के लिए गृह विभाग से औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, नई आरक्षी नियमावली के तहत यह नियुक्तियां की जाएंगी।बताया जा रहा है कि लंबे समय से कार्यरत सिपाहियों के जमादार पद पर प्रमोशन के कारण बड़ी संख्या में पद खाली हुए हैं। साथ ही वर्ष 2024 के बाद बैकलॉग की रिक्तियां भी जुड़ गई हैं। पहले 4919 पदों पर भर्ती की योजना थी, जिसमें 20 जिलों में 3799 नियमित और 11 जिलों में 1120 बैकलॉग पद शामिल थे।गौरतलब है कि पहले भर्ती के लिए जनवरी से फरवरी 2024 के बीच ऑनलाइन आवेदन लिए गए थे, लेकिन नई नियमावली लागू होने के कारण प्रक्रिया रोक दी गई थी। अब नई व्यवस्था के तहत भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलने की उम्मीद है।