चिरकुंडा : चिरकुंडा थाना क्षेत्र के लायकडीह डीप कोलियरी में चोरों ने एक बंद आवास का ताला तोड़कर में दिन के उजाले में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन पुलिस ने किया । पुलिस ने चोरी गए समान वारदात में प्रयुक्त उपकरण के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया । उक्तजानकारी निरसा पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी एसडीपीओ रजतमनी बाखला ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में दी ।घटना के बाद पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी देते हुए एसडीपीओ रजत मनी बाखला ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 को चिरकुंडा थाना अंतर्गत लायकडीह डीप कोलियरी के एक बंद क्वार्टर में दिन के समय अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया था। घर में रखे तीन अलमारी के लॉकर तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकद रुपये और सिक्कों की चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में गृहस्वामी किशोर कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 83/23 अप्रैल 2026 को मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर 24/25 अप्रैल की रात पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी टीम गठित कर तीन नंबर चढाई स्थित पंचेत जाने वाले मार्ग पर वाहन जांच चलाई। इस दौरान एक पल्सर मोटरसाइकिलसंख्या जेएच 10 एएस 6212 पर सवार तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नकद राशि और सिक्के बरामद किए गए। साथ ही घर में घुसने और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए गए औजार भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों ने धनबाद, बोकारो और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में करीब 40-50 चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपियों में अफताब अंसारी (32वर्ष), सद्दाम अंसारी (34 वर्ष) और नसीम अंसारी (33 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने यह भी खुलासा किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी चोरी की थी।पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और अन्य संभावित कड़ियों की जांच जारी है। वाहन जांच में चिरकुंडा थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक आशुतोष कुमार सहित अर्जुन कुमार सिंह,राबिंस मुंडरी, मुकेश कुमार, राजदेव राम, मनोज मरांडी, परिमल दत्त सहित पुलिस बल शामिल थे।