उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और वाम दलों पर तीखा हमला बोला।सभा में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जहां लोग वाहनों, घरों की छतों और पेड़ों पर चढ़कर मुख्यमंत्री की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए।मुख्यमंत्री ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में बंगाल “टेरर, माफियाराज और भ्रष्टाचार का अड्डा” बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सैंड, कोल और लैंड माफिया सक्रिय हैं और केंद्र सरकार से आने वाली योजनाओं का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा।उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनती है तो राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और माफियाराज समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “टीएमसी के गुंडे, माफिया और अन्य अराजक तत्व जनता की सेवा करते नजर आएंगे।”योगी आदित्यनाथ ने भाजपा उम्मीदवार अरिजीत रॉय के समर्थन में वोट देने की अपील करते हुए कहा कि “अरिजीत” का अर्थ ही शत्रु को जीतने वाला होता है और उनकी जीत से क्षेत्र में विकास की नई गति आएगी।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ही सुरक्षा, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देती है। साथ ही दावा किया कि भाजपा सरकार बंगाल में दंगा, कर्फ्यू और अराजकता को समाप्त करेगी।सभा में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के विकास मॉडल का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वहां भी कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने अयोध्या में बने राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार के संकल्प का परिणाम है।इसके साथ ही उन्होंने बंगाल की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य हमेशा देश के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है, लेकिन वर्तमान शासन में इसकी पहचान को नुकसान पहुंचा है।