धनबाद : लिन्डसे क्लब एवं पुस्तकालय की ओर से क्लब परिसर में बंगाली नववर्ष “पहेला वैशाख 1433” का उत्सव हर्षोल्लास और पारंपरिक धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों द्वारा विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें गीत, संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर वयस्कों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।उत्सव के दौरान 12 अप्रैल 2026 को आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। क्लब के अध्यक्ष अमलेंद्र सिन्हा ने प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम समाज में आपसी सद्भाव, प्रतिभा विकास और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाते हैं।अपने संबोधन में अध्यक्ष ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए क्लब के सभी सदस्यों एवं सदस्याओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही इस प्रकार के आयोजन सफल होते हैं।पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्सव का माहौल बना रहा अंत में सभी ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और खुशहाली की कामना की।