झरिया : जोरापोखर थाना क्षेत्र के भुलन बरारी स्थित बीसीसीएल मैगजीन के पास हुए मोहम्मद शमीम अंसारी उर्फ गुड्डु सेठ हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है।ऋतिक श्रीवास्तव (सिटी एसपी, धनबाद) ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस हत्याकांड में मृतक के दुकान स्टाफ मोहम्मद अलबक्श अंसारी उर्फ सिद्धू, शुभम सिंह और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, क्षतिग्रस्त मोबाइल और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी के अन्य लोगों से संबंध थे, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान स्टाफ अलबक्श अंसारी का भी मृतक की पत्नी से संबंध था। जब इस बात की जानकारी गुड्डु सेठ को हुई, तो उसने सिद्धू को मारने की योजना बनाई।इसकी भनक लगते ही सिद्धू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उल्टा गुड्डु सेठ की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपियों ने हथियार और गोली के लिए 50 हजार रुपये दिए। 12 अप्रैल की रात सिद्धू ने बहाने से गुड्डु सेठ को बाइक पर बैठाकर ओबी डंप के पास ले गया, जहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि हत्या में 7.65 एमएम का देसी पिस्तौल इस्तेमाल किया गया। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।