धनबाद : सदर अस्पताल परिसर के भीतर स्थित धनबाद बार एसोसिएशन तक जाने वाले मार्ग को जिला प्रशासन द्वारा बाउंड्री वॉल बनाकर बंद किए जाने से अधिवक्ताओं में भारी रोष है। वर्षों से इसी रास्ते का उपयोग अधिवक्ता आवागमन और वाहन पार्किंग के लिए करते आ रहे थे, लेकिन अचानक रास्ता बंद हो जाने से उन्हें गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।रास्ता बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को धनबाद बार एसोसिएशन से जुड़े सभी अधिवक्ताओं ने कोर्ट परिसर से रणधीर वर्मा चौक तक जोरदार विरोध मार्च निकाला। इस दौरान अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि बार एसोसिएशन का भवन भी इसी मार्ग से जुड़ा हुआ है, ऐसे में रास्ता बंद होने से न केवल वकीलों को बल्कि न्यायालय में आने वाले आम नागरिकों को भी कठिनाई हो रही है।बार एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लेकर कई बार जिला प्रशासन से बातचीत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं निकलने से अधिवक्ताओं की नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।बार एसोसिएशन के महासचिव जितेंद्र कुमार ने कहा कि अधिवक्ता हमेशा प्रशासन और न्यायिक व्यवस्था के सहयोगी रहे हैं, लेकिन प्रशासन का रवैया यह दर्शाता है मानो अधिवक्ताओं की भूमिका को नजरअंदाज किया जा रहा हो। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द रास्ता बहाल नहीं किया गया तो गुरुवार से धनबाद में अनिश्चितकालीन न्यायिक कार्य बंद किया जाएगा।वहीं बार एसोसिएशन अध्यक्ष राधे गोस्वामी ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।