चिरकुंडा : चिरकुंडा नगर परिषद स्थित भाकपा (माले) कार्यालय में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन महतो, हलदर प्रसाद महतो, विधायक अरूप चटर्जी सहित जिला कमेटी के कई पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थे।हलदर प्रसाद महतो ने स्पष्ट किया कि भाकपा (माले) धनबाद जिले के नगर निकाय चुनावों में पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगी। पार्टी सभी वार्डों में पार्षद पद के उम्मीदवारों के साथ-साथ चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए भी अपने प्रत्याशी घोषित करेगी।उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे झारखंड को ‘लाल खंड’ में बदलने और जन-सरोकारों की राजनीति को स्थापित करने के लिए लाल झंडे की ताकत को निर्णायक बनाना अनिवार्य है।वहीं, विधायक अरूप चटर्जी ने भी पूरे दमखम के साथ धनबाद और चिरकुंडा नगर निकाय चुनाव लड़ने के साथ ही जल्द ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने की बात कही।