धनबाद में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा 3 फरवरी से शुरू हो रही है। परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त कराने के लिए धनबाद पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारी को लेकर मंगलवार को धनबाद के न्यू टाउन हॉल सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की।
बैठक को संबोधित करते हुए डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि जिले में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा शांति पूर्ण करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। परीक्षा दो पाली में ली जाएंगी। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। इस दौरान परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
परीक्षार्थियों का सेंटर के भीतर प्रवेश से पहले आवश्यक जाँच भी होगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी। हर सेंटर पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात रहेंगे।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि परीक्षा ऐसे समय में शुरू की जा रही ज़ब निकाय चुनाव भी साथ-साथ होगा। ऐसे में विधि व्यवस्था को बनाए रखना भी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होगी।
बता दें कि धनबाद में होने जा रहे मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में 29,500 मैट्रिक और 25,000 इंटर के छात्र शामिल होंगे। परीक्षा के लिए 96 मैट्रिक और 81 इंटर के सेंटर बनाए गए हैं।