धनबाद : इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन (IRA) की ओर से आयोजित एक भव्य समारोह में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के निदेशक (कार्मिक एवं मानव संसाधन) मुरली कृष्ण रमय्या को “राष्ट्रीय ईरा अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य, श्रमिकों के हित, एवं सामाजिक हित में किए गए प्रयासों तथा संगठन में बेहतर कार्यसंस्कृति स्थापित करने के लिए प्रदान किया गया।समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। इस दौरान IRA के पदाधिकारियों ने निर्देशक मुरली कृष्ण रमय्या को शॉल ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और गरिमा का माहौल बना रहा।इस अवसर पर इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एम अली ने कहा कि मुरली कृष्ण रमय्या जैसे अधिकारी अपने कार्यों से एक मिसाल कायम करते हैं। उन्होंने हमेशा पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया है, जो अन्य अधिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत है।झारखंड प्रदेश अध्यक्ष रविकांत बनर्जी ने कहा कि वर्तमान समय में जब प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल उठते हैं, ऐसे में मुरली कृष्ण रमय्या का कार्य एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है। उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई प्रभावी पहल की हैं, जिससे संगठन को मजबूती मिली है।राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद जहांगीर ने कहा कि इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन सदैव उन व्यक्तियों को सम्मानित करता है, जो अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज के विकास में योगदान देते हैं। मुरली कृष्ण रमय्या का योगदान एक सक्षम अधिकारी के साथ-साथ एक संवेदनशील व्यक्तित्व के रूप में भी उल्लेखनीय है।कार्यक्रम में महाप्रबंधक सुरेंद्र भूषण, के.एस. सिन्हा (HOD लीगल), मनीष मिश्रा (HOD आईआर), सुबोजित मंडल, ओपी सिंह के साथ-साथ पत्रकार नीरज राउत, अजीत कुमार सिंह, नीरज कुमार, अनिल पांडे, सुरेंद्र राम रविकांत हित दर्जनों पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।सम्मान प्राप्त करने के बाद मुरली कृष्ण रमय्या ने इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वे इसे अपनी जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा के रूप में लेते हैं तथा BCCL में कर्मचारियों के हित और संगठन के विकास को प्राथमिकता देते हुए आगे भी कार्य करते रहेंगे।कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों को जारी रखने का संकल्प लिया गया। यह समारोह पत्रकारिता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग का संदेश देने में सफल रहा।