धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित इन्फिनिटी डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में हुए एसएससी सीजीएल परीक्षा फर्जीवाड़ा मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने परीक्षा केंद्र के संचालक **मृत्युंजय कुमार** को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ के दौरान उसने फर्जीवाड़े में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सीजीएल परीक्षा के दौरान पुलिस ने पटना निवासी एक अभ्यर्थी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया कि उसकी परीक्षा उसके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति द्वारा *रिमोट एक्सेस* के जरिए दी जा रही थी। पुलिस की तकनीकी जांच में यह खुलासा हुआ कि पूरा फर्जीवाड़ा परीक्षा केंद्र के अंदर से ही योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था।डीएसपी वन शंकर कामती ने जानकारी दी कि कुसुम विहार निवासी संचालक मृत्युंजय कुमार को बुधवार रात हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि इस गिरोह में और भी लोग शामिल हो सकते हैं, जो साइबर माध्यम से इस तरह की अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।