होली की मूल भावना के अनुरूप हम सबको शांति एवं सद्भाव के साथ होली पर्व मनाना चाहिए – डॉ लुईस मरांडीदुमका:रामगढ़ प्रखंड के सदर पंचायत धोबा के जोगिया गांव में संचालित बिरसा मुंडा हाई स्कूल सह ज्ञानालोक शिक्षण संस्थान में रविवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। होली मिलन समारोह की मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक डॉ लुईस मरांडी जबकि विशिष्ट अतिथि प्रखंड प्रमुख बाबूलाल मुर्मू थे।मौके पर विद्यालय के शिक्षक- शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद थे। विधायक की अपने बीच उपस्थिति से उत्साहित छात्र-छात्राओं ने परंपरागत जनजातीय रीति- रिवाज के अनुसार लोटा-पानी से विधायक एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। समारोह के अंत में सबों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि उन्हें पहली बार किसी निजी विद्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल होने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि होली आपसी भाईचारे का सबसे महत्वपूर्ण त्यौहार है। यह ऐसा त्यौहार है जिसमें कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। सभी मिलकर एक दूसरे को अबीर, गुलाल तथा रंग लगाते हैं। उन्होंने कहा कि होली की मूल भावना के अनुरूप हम सबको शांति एवं सद्भाव के साथ होली मनाना चाहिए। विधायक ने कहा कि फिलहाल होली का माहौल है। आज सभी होली मिलन में जुटे हैं। आज कोई राजनीतिक भाषण देने का अवसर नहीं है। लेकिन क्षेत्र के विकास के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। यहां के निवासियों का स्नेह उन्हें विकास के कार्यों के लिए लगातार प्रोत्साहित करता रहता है।उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से लगन पूर्वक पढ़ाई करने एवं अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसे पाने के लिए अभी से प्रयास करने का आग्रह किया। विद्यालय के इतिहास की जानकारी देते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेंद्र प्रसाद साह ने बताया कि झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा स्थापना अनुमति मिलने के बाद बिरसा मुंडा हाई स्कूल का उद्घाटन दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया था। होली मिलन समारोह को प्रखंड प्रमुख बाबूलाल मुर्मू, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष चार्लेस बेसरा, दिवाकर मंडल आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान तथा जनजातीय गीतों पर सामूहिक नृत्य भी प्रस्तुत किये। होली मिलन समारोह के दौरान फटिक चंद्र मांझी, चार्लेस बेसरा, मदन मंडल, रौशन कुमार, दिवाकर मंडल, मर्सिला मरांडी, रिंकु मंडल, मुनिलाल मंडल, राजेंद्र मंडल, ललन कुमार भगत, जय प्रकाश अग्रवाल, नागेन्द्र राय, रूपनारायण मंडल, विद्यानंद भगत आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।