■ उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई का स्तर उच्च हो, यह सुनिश्चित किया जाएदुमका:उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने बुधवार को रिमांड होम, वृद्धाश्रम, मूकबधिर विद्यालय, नेत्रहीन विद्यालय एवं बाल गृह बालक का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने इन सभी संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों एवं वृद्धजनों की स्थिति तथा व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निदेश दिए।वृद्धाश्रम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वहाँ रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की। उन्हें बताया गया कि कुल 20 वृद्धजन यहाँ रह रहे हैं और समुचित सुविधाएँ उपलब्ध हैं। उन्होंने वृद्धाश्रम परिसर में लगे हेल्थ कैंप का भी निरीक्षण किया, जहाँ सभी निवासियों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयाँ उपलब्ध करायी गयी थीं। उपायुक्त ने वृद्धजनों के बीच कंबल एवं शॉल वितरण करने का निर्देश देते हुए स्वयं भी शॉल वितरित किया। वृद्धजनों द्वारा पानी की समस्या से अवगत कराने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अविलंब समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।मूकबधिर विद्यालय में उपायुक्त ने स्कूल परिसर, कक्षाओं तथा शिक्षण पद्धति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में साइन लैंग्वेज से संबंधित पेंटिंग, पोस्टर तथा शिक्षण सामग्री लगायी जाए जिससे बच्चों को सीखने में आसानी हो। निरीक्षण के दौरान बच्चे प्रोजेक्टर के माध्यम से पढ़ाई करते मिले, जिसे बच्चों ने अत्यंत उपयोगी बताया। उपायुक्त ने भोजन, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि निर्धारित मीनू के अनुसार उच्च गुणवत्ता का भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान रखा जाए। रिमांड होम के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था पर बल देते हुए प्रतिनियुक्त सुरक्षा बलों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि बच्चों के व्यवहार, स्वास्थ्य जांच, दवा व अन्य आवश्यकताओं का नियमित ध्यान रखा जाए।नेत्रहीन विद्यालय के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के आवासन, भोजन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। बच्चों ने व्यवस्था को बेहतर बताया। उपायुक्त ने कक्षा कक्ष में स्पीकर लगाने का निर्देश दिया तथा पानी की समस्या को देखते हुए तुरंत बोरिंग कराने के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। बच्चों द्वारा स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक की मांग पर उपायुक्त ने तुरंत सभी बच्चों के बीच स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक का वितरण किया।इसके उपरांत उपायुक्त ने बाल गृह बालक का निरीक्षण कर आवासन, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं सीसीटीवी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने जिन बच्चों का नामांकन विद्यालय में नहीं हुआ है, उनका शीघ्र नामांकन कराने तथा डीपीओ-यूआईडी को कैंप लगाकर बच्चों का आधार कार्ड बनाने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई का स्तर उच्च हो, यह सुनिश्चित किया जाए।