झारखंड आंदोलनकारी अधिवक्ता कंसारी मंडल का सोमवार को निधन हो गया। दुर्गापूजा के विजयादशमी के दिन उनकी तबियत खराब होने पर असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कंसारी मंडल के निधन पर अधिवक्ताओं और झामुमो नेताओं ने शोक जताया है। कंसारी मंडल के निधन की सूचना मिलने पर काफी संख्या में लोग असर्फी अस्पताल पहुंचे और शोक जताया। झारखंड सूड़ी समाज कल्याण समिति के केंद्रीय अध्यक्ष कंसारी मंडल अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए धनबाद बार एसोसिएशन लाया जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।उनके निधन से अधिवक्ता जगत में शोक की लहर है। शोक जताने वालों में धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, महासचिव जितेंद्र कुमार, पूर्व कोषाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, अधिवक्ता मनोज यादव शामिल हैं। झामुमो नेता देबु महतो ने कंसारी मंडल के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि पार्टी को इनकी कमी हमेशा खलेगी। वह दो बार पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे चुके हैं। वह एक बार लोकसभा चुनाव भी धनबाद से लड़ा था। ह्यूमैनिटी हेल्पिंग हैंड्स के संस्थापक गौतम कुमार मंडल ने उनके निधन पर शोक जताया है।