धनबाद : धनबाद पुलिस लाइन में अधिकारियों और जवानों के लिए दो नए आवासीय टावर बनाए जाएंगे, जिनमें कुल 16 फ्लैट होंगे। हर टावर में आठ-आठ फ्लैट होंगे, जो खासतौर पर पुलिस पदाधिकारियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। इसके अलावा, 250 बेड का अत्याधुनिक बैरक जवानों के आवास के लिए तैयार किया जाएगा, जिसमें स्वच्छता, वेंटिलेशन और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।धनबाद पुलिस लाइन में नए मल्टीपर्पस हॉल और मैगजीन हाउस के निर्माण की भी मंजूरी मिल चुकी है। वर्तमान मैगजीन हाउस जर्जर हालत में है, जिसे नए भवन से बदला जाएगा। महिला जवानों के लिए अलग बैरक बनाने की भी योजना है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस लाइन में कई निर्माण कार्य जल्द शुरू कर दिए जाएंगे। आने वाले दिनों में पुलिस लाइन में सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे अधिकारियों और जवानों के कार्यक्षेत्र में सुधार होगा।