पटना : होली से पहले बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा H5N1) का खतरा बढ़ गया है। चितकोहरा के कौशल नगर स्थित बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के पोल्ट्री अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में 6000 मुर्गियों के संक्रमित पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। एहतियातन कदम उठाते हुए संजय गांधी जैविक उद्यान को तत्काल प्रभाव से सात मार्च तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान जू परिसर में व्यापक स्तर पर सैनिटाइजेशन और डिसइन्फेक्शन का कार्य किया जा रहा है तथा पशु-पक्षियों की विशेष निगरानी की जा रही है।प्रशासन ने संक्रमित केंद्र के एक किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्शन जोन और नौ किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस एरिया घोषित किया है। इन्फेक्शन जोन में पशु-पक्षियों और अंडों की खरीद-बिक्री तथा उपयोग सैनिटाइजेशन सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही किया जा सकेगा, जबकि बाहर ले जाने पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। क्षेत्र में एक चेक पोस्ट बनाया गया है, जिसमें शास्त्रीनगर से लेकर बाईपास थाने की पुलिस को शामिल किया गया है।बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद जिला पशुपालन कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आसपास के इलाकों में व्यापक सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। मंत्रियों, विधायकों और कई वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों को भी कीटाणुरहित किया गया। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सहित कई अधिकारियों के घरों में भी एहतियातन छिड़काव कराया गया।पटना नगर-निगम क्षेत्र में मुर्गे और मुर्गियों को लाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। किसी वाहन से मुर्गियां लाते पकड़े जाने पर उसे जब्त कर पशुपालन पदाधिकारी को सूचना दी जाएगी। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं मुर्गियों के असामान्य रूप से मरने की सूचना मिले तो जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 0612-2219199 पर तुरंत जानकारी दें। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।