धनबाद : रेलवे कार्यक्रम को लेकर उपजे विवाद के बाद मामला अब शांत होता नजर आ रहा है। मंगलवार को रेलवे अधिकारी सिंह मेंशन पहुंचे और संजीव सिंह से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम पर खेद व्यक्त किया। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि यह मामला प्रशासनिक चूक का परिणाम था और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया।अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल और समन्वय में कमी रह गई, जिसके कारण अंतिम समय में लिया गया निर्णय विवाद का कारण बना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से जनप्रतिनिधियों के सम्मान और निर्धारित प्रक्रियाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।वहीं महापौर संजीव सिंह ने कहा कि यह सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि धनबाद की जनता के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने अंतिम समय में आमंत्रण रद्द किए जाने को अनुचित बताया, हालांकि अधिकारियों द्वारा माफी मांगने को सकारात्मक कदम भी माना।गौरतलब है कि नई ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में महापौर और रागिनी सिंह को पहले आमंत्रित किया गया था, लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले उनका आमंत्रण रद्द कर दिया गया, जिससे विवाद खड़ा हो गया था।माफी के बाद स्थिति सामान्य होती दिख रही है, लेकिन प्रशासनिक समन्वय और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल अब भी बने हुए हैं।