प्रयागराज (उत्तर प्रदेश)। माघ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की संयुक्त टीम ने आपातकालीन मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आतंकी खतरे, भगदड़ या आपदा जैसी स्थिति से निपटने की तैयारियों की परख करना था।मॉक ड्रिल के दौरान संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही एटीएस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की, वहीं एनडीआरएफ ने घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने और आपदा प्रबंधन की प्रक्रियाओं का अभ्यास किया। ड्रिल में भीड़ नियंत्रण, त्वरित रेस्क्यू, संचार व्यवस्था और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि माघ मेला में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए इस तरह की मॉक ड्रिल बेहद जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। ड्रिल के बाद अधिकारियों ने तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मॉक ड्रिल के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा बलों का सहयोग करें।