*दिसंबर और वर्ष 2025 की अपराध समीक्षा,लंबित मामलों में आई उल्लेखनीय कमी**कांड के निष्पादन में धनबाद पुलिस ने हासिल किया कीर्तिमान, ओवर आल परफॉर्मेंस में राज्य में धनबाद अव्वल**सरस्वती पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था पर फोकस, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध के निर्देश**ट्रैफिक नियमों पर सख्ती, हेलमेट व ड्रंक एंड ड्राइव पर जीरो टॉलरेंस*धनबाद। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में बुधवार को मैथन स्थित डीवीसी गेस्ट हाउस में माह दिसंबर 2025 से संबंधित मासिक एवं वर्ष 2025 की वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा सहित जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना एवं ओपी प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।बैठक के दौरान एसएसपी महोदय ने दिसंबर माह तथा वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा किए गए अभियानों, अपराध नियंत्रण की स्थिति, लंबित मामलों, वारंट-समन के निष्पादन और प्रमुख आपराधिक घटनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण में आई सकारात्मक प्रगति को और मजबूत किया जाए तथा जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहे।*अपराध नियंत्रण में सकारात्मक परिणाम*प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार दिसंबर माह में जिले में कुल 487 कांड दर्ज हुए, जबकि 596 मामलों का सफल निष्पादन किया गया। वहीं वर्ष 2025 में कुल 6415 कांड दर्ज हुए, जिनमें से 5275 मामलों का निष्पादन किया गया। इसके परिणामस्वरूप लंबित कांडों की संख्या घटकर 2133 रह गई है। एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने निर्देश दिया कि मार्च 2026 के अंत तक लंबित मामलों की संख्या को 1500 से नीचे लाने का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाए।एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में धनबाद पुलिस द्वारा विगत कुछ माह में किए गए कार्यों के परिणामस्वरूप धनबाद पुलिस ने नया कीर्तिमान हासिल किया है। अपराध नियंत्रण के साथ साथ लंबित मामलों के निष्पादन में धनबाद पुलिस ने पूरे राज्य में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया है।बैठक के दौरान हत्या, लूट, महिला विरुद्ध अपराध, पॉक्सो, नक्सल, संपत्ति मूलक अपराध, साइबर अपराध, यूडी केस, संगठित अपराध तथा वारंट-कुर्की के मामलों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन मामलों में और अधिक प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।*बाइक चोरी व अवैध गतिविधियों पर लगा लगाम*बैठक में बताया गया कि बीते कुछ महीनों में बाइक चोरी की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है तथा चोरी गई कई बाइकों की बरामदगी में पुलिस को सफलता मिली है। अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में सघन वाहन जांच, होटलों एवं लॉजों की औचक जांच तथा संवेदनशील इलाकों में निरंतर पुलिस गश्त के निर्देश दिए गए हैं। बाजार, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।*सरस्वती पूजा को लेकर विशेष चौकसी*एसएसपी ने आगामी सरस्वती पूजा को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पूजा एवं विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। डीजे का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए डीजे जब्त कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।*ट्रैफिक व सड़क सुरक्षा पर सख्त रुख*यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि बाइक सवार दोनों व्यक्तियों के लिए हेलमेट अनिवार्य होगा। ड्रंक एंड ड्राइव, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लिंकर लाइट, मॉडिफाइड साइलेंसर, “प्रेस” या “पुलिस” लिखी गाड़ियां, काला शीशा और ट्रिपल राइड जैसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।*जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम धनबाद पुलिस*एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस की सक्रियता से दिसंबर माह में एसएनएमएमसीएच अस्पताल से बच्चे की चोरी और कतरास में ज्वेलरी दुकान में चोरी जैसी दो बड़ी वारदातों को समय रहते विफल कर दिया गया। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध के विरुद्ध धनबाद पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है और आगे भी यह सख्ती जारी रहेगी।*नशा, जुआ और लॉटरी पर कड़ी नजर*बैठक में नशे के अवैध कारोबार, जुआ और लॉटरी गतिविधियों पर विशेष अभियान चलाने तथा सभी थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।*जनता से पुलिस की अपील*एसएसपी ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने की अपील की। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।