निरसा : कंचनडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दिव्यांग इडली विक्रेता गुड्डन अंसारी की मौत हो गई। गुड्डन रोज़ की तरह बरेली पैसेंजर ट्रेन से मुग्मा स्टेशन पर उतरे और पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निरसा की ओर से आ रहे ट्रक (JH-02-AR-3076) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए।आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए एनएच-19 को जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने गुड्डन को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हादसा टल नहीं सका।गुड्डन अंसारी अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले थे। दिव्यांग होने के बावजूद वे ट्रेन में इडली बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर गहरा शोक छा गया है। प्रशासन ने स्थिति को संभालने और जाम हटाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं, जबकि ग्रामीण पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा और सहायता देने की मांग कर रहे हैं।