धनबाद : केंदुआडीह में धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर बुधवार को अचानक सड़क धंसने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सड़क बीचों-बीच करीब दो फीट तक धंस गई है, जबकि आसपास कई जगहों पर दरारें भी देखी गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। घटना के बाद केंदुआडीह थाना की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी है और आम लोगों को सतर्क किया जा रहा है।प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोकारो की ओर जाने वाले वाहनों को दूसरे मार्ग से डायवर्ट कर दिया है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। इस बीच, धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने घटना की जानकारी BCCL के सीएमडी और जिला प्रशासन को दूरभाष पर दी है। आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में लंबे समय से चल रही कोयला खनन गतिविधियों के कारण जमीन कमजोर होने से यह धंसाव हुआ है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आगे की जांच की जा रही है।