अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने आज अनुमंडल कार्यालय के सभागार में आईओसी, एचपीसीएल, भारत गैस सहित विभिन्न गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर व वितरकों के साथ बैठक की।इस दौरान उन्होंने सभी गैस वितरकों को गैस सिलेंडर के भंडारण और वितरण में विभागीय दिशा निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा इसमें कोई अनियमितता नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया।अनुमंडल दंडाधिकारी ने कहा कि सभी गैस वितरक अपना स्टॉक रजिस्टर रखेंगे एवं सूचना पट्ट पर स्पष्ट अक्षरों में सिलेंडर की उपलब्धता प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने गैस सिलेंडर के लिए निर्धारित राशि से अधिक राशि नहीं लेने, कालाबाजारी के लिए सिलेंडर का अवैध भंडारण नहीं करने भी निर्देश दिया।अनुमंडल दंडाधिकारी ने कहा कि संबंधित थाना अपने क्षेत्र के गैस वितरकों पर निगरानी रखेंगे। कहीं से सिलेंडर की कलाबाजारी, अवैध भंडारण करने की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ-साथ गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर प्रतिदिन सिलेंडर के वितरण और भंडारण की निगरानी करेंगे।बैठक के दौरान गैस वितरक एजेंसियों ने बताया कि उनके यहां सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। चुकीं सिलेंडर की कमी होने की अफवाह के कारण लोग घबराहट में दुगुना बुकिंग करा रहे हैं। जबकि सिलेंडर की सप्लाई में कोई कमी नहीं है।बैठक में अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, कार्यपालक दंडाधिकारी श्री रविन्द्र नाथ ठाकुर, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री पंकज कुमार, धनबाद थाना के थाना प्रभारी श्री मनोज पांडेय के अलावा 40 से अधिक वितरक उपस्थित थे।