दुमका: मसलिया थाना कांड संख्या 05/26 दिनांक 25.01.2026, धारा 103(1)/3(5) बी.एन.एस. के अंतर्गत हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 24 जनवरी 2026 को मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सामने आया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी बाबूसोल बास्की द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार के निर्देशानुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मृतक के चचेरे भाई मनिलाल हांसदा (उम्र लगभग 20 वर्ष), पिता स्व. अंग हांसदा, साकिन तालडंगाल, थाना मसलिया, जिला दुमका को विधिवत छापेमारी कर गिरफ्तार किया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक चूहापानी हांसदा (उम्र लगभग 29 वर्ष) पूर्व से ही उसके परिवार पर बुरी नजर रखता था। घटना के दिन दोनों साथ में जुड़जुड़ा गांव में फुटबॉल मैच देखने गए थे, जहां मृतक द्वारा हड़िया और नाश्ता कराया गया। मैच देखने के बाद शाम करीब 8 बजे दोनों अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में मैच में खर्च किए गए पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी मनिलाल हांसदा ने लोहे के कड़े (बाला) एवं पत्थर से मृतक के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान चूहापानी हांसदा की मृत्यु हो गई।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगे पत्थर एवं लोहे का कड़ा (बाला) बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में मसलिया थाना प्रभारी पु.अ.नि. राजेश रंजन सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।पुलिस द्वारा आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।