दुमका:77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर समाहरणालय सभागार में नवनियुक्त चौकीदारों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक बसंत सोरेन, विधायक लुईस मरांडी एवं जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया।इस अवसर पर विधायक बसंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह नियुक्ति आपकी कड़ी मेहनत, लगन और योग्यता का परिणाम है। आज से आप सभी सरकार के महत्वपूर्ण अंग के रूप में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि चौकीदार अपने-अपने पंचायतों में अभिभावक की भूमिका निभाएंगे और गांव की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में सेतु का कार्य करेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन से सभी नवनियुक्त चौकीदारों को शीघ्र प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया।विधायक लुईस मरांडी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर 293 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाना दुमका जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में चौकीदारों की भूमिका को और अधिक सशक्त किया गया है तथा वे ग्रामीण विकास कार्यों में भी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी से ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन चयनित अभ्यर्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने बताया कि चौकीदार राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उपायुक्त ने जानकारी दी कि अप्रैल 2025 में खुले विज्ञापन के माध्यम से 328 पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए थे। अक्टूबर 2025 में लिखित परीक्षा तथा नवंबर 2025 में शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। सभी प्रक्रियाओं के बाद तैयार मेधा सूची के अनुसार आज 293 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, जिनमें 187 पुरुष एवं 106 महिला शामिल हैं। वर्गवार चयन में सामान्य वर्ग से 80, अनुसूचित जनजाति से 193 तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से 20 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। दिव्यांग कोटि के 13 पद रिक्त रह गए हैं, जिन्हें आगामी प्रक्रिया में भरा जाएगा।उन्होंने बताया कि लगभग 6000 अभ्यर्थियों ने इस प्रक्रिया में भाग लिया और पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी एवं तकनीक-संपन्न तरीके से संपन्न कराई गई। महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।जिला परिषद अध्यक्ष जॉयस बेसरा ने भी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ सेवा करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी, सभी चयनित अभ्यर्थी एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।