वाराणसी। शहर के प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े हुए छात्र हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी मनजीत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वर्चस्व की लड़ाई में उसने छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी।पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने छत से कूदकर भागने की कोशिश की, जिसमें उसका पैर टूट गया। इसके बावजूद वह किसी तरह भोजुबीर तिराहे तक पहुंचा और शहर छोड़ने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मनजीत अपने नाम के साथ ‘माफिया’ शब्द जोड़कर सोशल मीडिया पर सक्रिय था और ‘1818’ नाम से गैंग चलाने का दावा करता था। उसके अकाउंट पर बदमाशी और दबंगई वाले स्टेटस भरे पड़े हैं, जो उसकी आपराधिक मानसिकता को दर्शाते हैं। वहीं, मृतक छात्र सूर्य प्रताप सिंह पढ़ाई में रुचि रखने वाला शांत स्वभाव का छात्र बताया जा रहा है।घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इसे प्रदेश की खराब कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी ने भी सोशल मीडिया के जरिए सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी इस घटना को लेकर जवाब मांगा है।दरअसल, शुक्रवार को कॉलेज परिसर में प्राचार्य के सामने ही दोनों छात्रों के बीच चल रहे विवाद के दौरान मनजीत सिंह ने सूर्य प्रताप सिंह को गोली मार दी। घटना के बाद कैंपस में भारी आक्रोश फैल गया और छात्रों ने तोड़फोड़ कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें कई प्रोफेसर घायल हुए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा।घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस निगरानी में घर पहुंचाया गया और कॉलेज परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।