वाराणसी में गंगा नदी पर नाव संचालन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नाविकों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नए निर्देश जारी किए।निर्देशों के अनुसार अब बिना लाइफ जैकेट किसी भी यात्री को नाव में बैठाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, वहीं ओवरलोडिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अगले सप्ताह से सभी नावों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य कर दिया गया है—बिना पंजीकरण कोई भी नाव संचालित नहीं होगी।नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे श्रद्धालुओं के साथ अतिथि जैसा व्यवहार करें और निर्धारित किराए से अधिक वसूली न करें। गहरे पानी में सुरक्षित मार्ग का पालन, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और आपात स्थिति में जल पुलिस को तत्काल सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है।बैठक के दौरान प्रशासन ने नाविकों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। वहीं, गंगा में डूब रहे लोगों की जान बचाने वाले तीन नाविकों को सम्मानित कर अन्य नाविकों को भी जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना, नाव जब्ती और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।