वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन को देखते हुए वाराणसी में आम जनता को बड़ी राहत दी गई है। अब 31 मार्च तक अवकाश के दिनों में भी निबंधन कार्यालय खुले रहेंगे और रजिस्ट्रेशन से जुड़े सभी कार्य किए जाएंगे।सहायक महानिरीक्षक निबंधन धीरेन्द्र कुमार सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस फैसले से लोगों को सुविधा मिलेगी और विभागीय लंबित कार्य भी समय से पूरे हो सकेंगे। सभी उप-निबंधकों को निर्देश दिया गया है कि वे भी छुट्टियों में अपने कार्यालय खोलकर निबंधन कार्य जारी रखें।इसी क्रम में नगर निगम वाराणसी ने भी बड़ा फैसला लिया है। 31 मार्च को जलकर पर सरचार्ज माफी की अंतिम तिथि को देखते हुए 26 और 27 मार्च (महाष्टमी और महानवमी) को भी टैक्स कलेक्शन सेंटर खुले रहेंगे।इन दिनों नगर निगम मुख्यालय और सभी जोनल कार्यालयों में गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा किया जा सकेगा। साथ ही 31 मार्च तक सभी टैक्स काउंटरों का समय शाम 7 बजे तक बढ़ा दिया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय पर भुगतान कर सकें।नगर निगम ने चेतावनी दी है कि तय समय सीमा के बाद अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 में बकाया करों पर ब्याज जोड़कर वसूली की जाएगी और डिफॉल्टरों पर कड़ी कार्रवाई होगी।दुकानों के किराए और लाइसेंस शुल्क में देरी होने पर अब सख्ती बढ़ा दी गई है। देरी की स्थिति में मूल राशि पर सीधे 50% तक का विलंब शुल्क लगाया जाएगा।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नागरिकों से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ और भारी जुर्माने से बचने के लिए जल्द से जल्द अपने करों का भुगतान कर दें। उन्होंने यह भी बताया कि लोग घर बैठे नगर निगम की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं या नजदीकी जोनल कार्यालय में जाकर ऑफलाइन जमा कर सकते हैं।