वर्ष 2026 की गणतंत्र दिवस परेड इस बार “मिशन शक्ति एवं महिला सशक्तिकरण” की थीम पर आधारित होगी। इसकी तैयारियों का पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को गहन निरीक्षण किया और अनुशासन, समन्वय व समरूपता बनाए रखने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड में मार्चपास्ट की सभी टोलियाँ महिला पुलिसकर्मियों की होंगी। परेड में महिला कमांडो दस्ता, महिला स्कूटी दस्ता और महिला घुड़सवार दस्ता भी शामिल किया जाएगा। खास बात यह है कि परेड की कमान मानसी दहिया (ACP U/T) संभालेंगी।निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परेड और दैनिक ड्यूटी में पुलिसकर्मियों का अनुशासन, टर्नआउट और आचरण सर्वोच्च स्तर पर होना चाहिए। सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि कार्यक्रम गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।गणतंत्र दिवस समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति के साथ महिला सशक्तिकरण को प्रमुख थीम बनाया जाएगा। इसके तहत नुक्कड़ नाटक और विशेष प्रदर्शनी के माध्यम से समाज को सशक्त संदेश देने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा सुरक्षा मानकों, आवागमन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए, ताकि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम सुरक्षित, भव्य और सफल रूप से सम्पन्न हो।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त लाइन ईशान सोनी, ACP (U/T) मानसी दहिया सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।