वाराणसी: शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में नगर निगम वाराणसी ने बड़ा कदम उठाया है। रामनगर क्षेत्र में घनी आबादी और बाजार के कारण लगने वाले ट्रैफिक जाम को देखते हुए नगर निगम ने यहां व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही क्षेत्र में उपलब्ध रिक्त स्थानों पर पार्किंग और सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण की योजना भी तैयार की जा रही है।रामनगर जोन कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान व्यापारियों ने अव्यवस्थित दुकानों के कारण होने वाली जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने पहले से प्रस्तावित दो स्थानों पर तत्काल वेंडिंग जोन विकसित करने और घनी आबादी को ध्यान में रखते हुए पार्किंग व शौचालय निर्माण की मांग रखी।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी प्रस्तावों पर त्वरित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रामनगर जोन कार्यालय का निरीक्षण किया और ग्रीन एरिया के चारों ओर पाथवे निर्माण, वाटर टैंक के पास ट्यूबवेल स्थल को पक्का कराने तथा टीन शेड लगाने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त ने रामनगर जोन और सुजाबाद क्षेत्र का सघन भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत भी परखी। इस दौरान डोमरी में जल निगम द्वारा निर्माणाधीन एसटीपी (सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट) के कार्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण कर निर्माण गुणवत्ता बनाए रखने की हिदायत दी गई।निरीक्षण के दौरान पार्षदगण, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, रामनगर जोन के जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह, अधिशासी अभियंता (सिविल) विकास कुरील सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।