माघ मेला-2026 के दौरान संभावित भीड़ और पलट-प्रवाह को देखते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को मैदागिन चौराहा से गोदौलिया चौराहा होते हुए रामापुरा तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए घोषित “नो व्हीकल जोन” का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके तहत त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग व्यवस्था लागू करने, अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।पुलिस आयुक्त ने एंबुलेंस, दूध-अखबार, गैस आपूर्ति और बैंक कैश जैसी आवश्यक सेवाओं को नो व्हीकल जोन से मुक्त रखने के निर्देश भी दिए। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए शहर में 21 पार्किंग स्थल और 10 होल्डिंग एरिया चिन्हित किए गए हैं।भीड़ नियंत्रण और त्वरित प्रतिक्रिया के लिए संवेदनशील स्थलों पर वॉच टॉवर लगाने के निर्देश दिए गए। नदी क्षेत्र में बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने, नावों पर लाइफ जैकेट अनिवार्य करने और ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा गया।श्रद्धालुओं से निरंतर संवाद और मार्गदर्शन के लिए पुलिसकर्मियों को लाउड हेलर और पीए सिस्टम के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को मौके पर ब्रीफिंग देने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र, सहयोगात्मक व संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।निरीक्षण के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी, सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली विजय प्रताप सिंह सहित संबंधित थाना प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।