वाराणसी में कानून, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरे। उन्होंने शहर के प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रमुख इलाकों का किया निरीक्षणपुलिस आयुक्त ने चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट और रामापुरा क्षेत्रों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदागिन से मणिकर्णिका घाट तथा दशाश्वमेध घाट से रामापुरा तक पैदल चलकर यातायात संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण का जायजा लिया।बिना अनुमति प्रदर्शन पर सख्तीनिरीक्षण के दौरान एक राजनीतिक पार्टी द्वारा बिना अनुमति प्रदर्शन करने का प्रयास किया गया, जिसे मौके पर तैनात पर्याप्त पुलिस बल ने तत्काल रोक दिया। पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट वाराणसी क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार के प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।अतिक्रमण और ट्रैफिक नियम उल्लंघन पर कार्रवाईपुलिस आयुक्त ने अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।माघ मेला पलट प्रवाह और गणतंत्र दिवस को लेकर हाई अलर्टमाघ मेला के पलट प्रवाह के कारण काशी में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे शहर में सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी व्यक्तियों की पहचान और आईडी की गहन जांच की जा रही है।पुलिस आयुक्त का संदेशपुलिस आयुक्त ने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस आमजन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता के साथ कार्य कर रही है।