काशी में नागरिक सुविधाओं को स्मार्ट और पारदर्शी बनाने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। अब शहर के भवन स्वामियों को हाउस टैक्स, जलकर और सीवरकर के बिल के लिए न तो इंतजार करना पड़ेगा और न ही कार्यालयों के चक्कर लगाने होंगे। नगर निगम जल्द ही AI चैटबॉट आधारित WhatsApp सेवा शुरू करने जा रहा है, जिसके जरिए टैक्स से जुड़ी सभी जानकारी सीधे मोबाइल पर उपलब्ध होगी।इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद शहर के करीब 2.32 लाख से अधिक भवन स्वामी सीधे इस डिजिटल सिस्टम से जुड़ जाएंगे। निगम द्वारा विकसित किया जा रहा यह AI चैटबॉट पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वतः डिमांड नोटिस, टैक्स बिल और अन्य जरूरी सूचनाएं WhatsApp के माध्यम से भेजेगा। वर्तमान में बिलों का वितरण मैनुअल तरीके से होने के कारण अक्सर देरी और शिकायतें सामने आती हैं, जिन्हें खत्म करने के लिए यह तकनीकी पहल की जा रही है।नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इस हाईटेक सिस्टम को तेजी से विकसित किया जा रहा है और इसे अगले वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सेवा की खास बात इसकी टू-वे कम्युनिकेशन क्षमता होगी, यानी यदि टैक्स निर्धारण में कोई बदलाव या संशोधन होता है तो उसकी जानकारी तुरंत अपडेटेड बिल के साथ नागरिकों को मिल जाएगी।इसके अलावा नागरिक इसी चैटबॉट के जरिए अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे, भुगतान लिंक प्राप्त कर सकेंगे और 24 घंटे कभी भी अपने टैक्स का पूरा हिसाब देख सकेंगे। यह सिस्टम न सिर्फ राजस्व वसूली को तेज करेगा बल्कि नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद को भी मजबूत बनाएगा।