77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर वाराणसी में प्रशासनिक स्तर पर गरिमामय आयोजन हुआ। मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने कैंप कार्यालय और कमिश्नरी परिसर में, जबकि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब और कैंप कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की।ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।संविधान के मूल्यों को अपनाने का आह्वानअपने संबोधन में मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। अधिकारियों द्वारा उपस्थित जनसमूह को संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई गई।मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन, गांधी के नमक सत्याग्रह और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को याद दिलाया।सोशल मीडिया की अफवाहों से सतर्क रहने की अपीलमंडलायुक्त ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता जताते हुए अनवेरिफाइड और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में गलत जानकारियां तेजी से फैल रही हैं, जिनसे नई पीढ़ी को बचाने की आवश्यकता है।कलेक्ट्रेट में शपथ, सम्मान और वृक्षारोपणगणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण के बाद जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सभी को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। इसके बाद बालिकाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को उपहार वितरित किए गए।कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।पूरे आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।