वाराणसी। जलस्रोतों के संरक्षण को लेकर नगर निगम वाराणसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चुरावनपुर स्थित लगभग ढाई बीघे के प्राचीन तालाब को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया है। मंगलवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर राजस्व विभाग के साथ संयुक्त पैमाइश की और अतिक्रमण को ध्वस्त कर तालाब की भूमि को अपने अधिकार में ले लिया।बताया गया कि तालाब के एक बड़े हिस्से पर आंशिक रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया था, जिसकी लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान निगम और राजस्व विभाग की टीम ने सख्ती दिखाते हुए पूरे परिसर को खाली कराया। कब्जा हटते ही तत्काल सफाई कार्य शुरू करा दिया गया है।नगर निगम प्रशासन के अनुसार अब तालाब परिसर में किसी भी प्रकार की निजी गतिविधि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही तालाब के पुनरुद्धार और सुंदरीकरण की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे क्षेत्र में जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिलेगी।नगर निगम का कहना है कि शहर के अन्य कुओं और तालाबों को भी अतिक्रमण से मुक्त कराकर संरक्षित किया जाएगा।