उत्तर प्रदेश एसटीएफ को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ की टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को लगभग 354 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 88 लाख रुपये बताई जा रही है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजीव कुमार यादव, निवासी ग्राम सुरेंदा थाना अजीतमल जनपद औरैया के रूप में हुई है। एसटीएफ ने आरोपी के कब्जे से 354 किलो गांजा, एक कंटेनर ट्रक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाला गिरोह सक्रिय है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 को सुबह करीब 9:40 बजे आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र स्थित अमौडा टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा हुआ मिला।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रक छत्तीसगढ़ से गांजा लोड कर लाया गया था और इसे आजमगढ़ पहुंचाने के लिए कहा गया था। ट्रक को अजय कुमार उर्फ अज्जू नाम के व्यक्ति द्वारा लोड कराया गया था।इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।