स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश ने महिला स्वास्थ्य मिशन ट्रस्ट और धार्मिक आयोजनों के नाम पर संस्था बनाकर ठगी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को आगरा से गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 20 नवंबर 2025 को एसटीएफ फील्ड यूनिट आगरा द्वारा की गई।गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि प्रकाश, निवासी बहादुरपुर थाना खुखुन्दू, देवरिया के रूप में हुई है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 फर्जी आईडी कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, 3 पैन कार्ड, 3 सिम कार्ड, 3 पासबुक, 5 रसीद बुक (महिला स्वास्थ्य मिशन ट्रस्ट), 8 चेक बुक, 32 ट्रस्ट कार्ड, 4 मोहरे, 10,000 रुपये नकद, 1 लेनोवो लैपटॉप, 1 स्वैप मशीन, 3 मोबाइल फोन और दो कारें—होंडा सिटी (UP 80 AE 6768) तथा ईको स्पोर्ट (UP 14 CE 5899) शामिल हैं।एसटीएफ टीम को सूचना मिली थी कि ठगी गैंग का एक सदस्य आगरा में महाजन कॉम्प्लेक्स, आवास विकास कॉलोनी के बाहर मौजूद है। टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को रात 9:10 बजे गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपी रवि प्रकाश ने बताया कि इस गैंग का संचालन अजय उर्फ विल्लू और एलिस सहित कुछ अन्य लोग करते हैं, जो केवल व्हाट्सऐप और टेलिग्राम के जरिए संपर्क रखते हैं। यह गैंग महिला स्वास्थ्य मिशन तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धन लोगों के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी हासिल करता था। इसके बाद उन्हीं खातों का उपयोग साइबर फ्रॉड की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। नकद प्राप्त चंदे को गैंग के सदस्यों में बांटा जाता था, जबकि ऑनलाइन ठगी की रकम गैंग सरगनाओं के पास जाती थी। बरामद कारों का उपयोग यह लोग अपने अवैध कार्यों में करते थे।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना जगदीशपुरा, कमिश्नरेट आगरा में धारा 318(4)/61(2) बीएनएस तथा 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।