बलियापुर धनबाद जिले के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत निश्चितपुर में शनिवार को बलियापुर अंचलाधिकारी (सीओ) ने बलियापुर पुलिस की टीम के साथ मिलकर अवैध कोयला लदा एक ट्रक जप्त किया। प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध कोयले की तस्करी जंगल के खराब रास्ते के माध्यम से की जा रही है।सूचना पाकर तुरंत कार्रवाई करते हुए बलियापुर सीओ और उनकी टीम मौके पर पहुंचे और ट्रक को जप्त कर लिया। हालांकि इस दौरान ट्रक चालक और अन्य सहयोगी फरार होने में सफल रहे। जप्त ट्रक को पुलिस की सुरक्षा में बलियापुर थाना लाया गया।अंचलाधिकारी ने बताया कि अवैध कोयला कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी है और किसी भी हाल में कोयले की अवैध ढुलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन की टीम इस अवैध धंधे पर नकेल कसने के लिए लगातार सक्रिय है, ताकि अवैध कोयला कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।