धनबाद : पुस्तक प्रेमियों के लिए खुशखबरी है कि 3 से 12 अप्रैल 2026 तक गोल्फ ग्राउंड में बंगाली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा 12वें धनबाद बुक फेयर का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष मेले की थीम “फिरे देखा” (Golden Past) रखी गई है, जिसका उद्देश्य नई पीढ़ी को अपने समृद्ध अतीत से जोड़ना है।मेले में साहित्य, विज्ञान, इतिहास और बच्चों की कहानियों सहित विभिन्न विधाओं की पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध होगा। हिंदी, अंग्रेजी और बांग्ला भाषा की किताबों के साथ देश-विदेश के प्रमुख प्रकाशक और बुक सेलर्स हिस्सा लेंगे। कुल 60 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 45 पुस्तक स्टॉल और अन्य नॉन-बुक व फूड स्टॉल शामिल हैं।पुस्तक मेले का उद्घाटन 3 अप्रैल को शाम 6:30 बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। इस अवसर पर साहित्यकार भगीरथ मिश्रा, झारखंड विधानसभा के माननीय अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार विशिष्ट अतिथि होंगे।मेले में छात्रों के लिए 4, 6 और 8 अप्रैल को भाषण प्रतियोगिता तथा 5 अप्रैल को बच्चों के लिए ‘सिट एंड ड्रॉ’ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ कोलकाता के प्रसिद्ध कलाकार भी भाग लेंगे।मेला प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा। प्रवेश शुल्क ₹10 रखा गया है, जबकि स्कूली विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क प्रवेश होगा। आकर्षक छूट के साथ पुरानी और नई पुस्तकों का अनूठा संगम पाठकों को मिलेगा।इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को पुस्तकों से जोड़ना है।