धनबाद : जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार को धनबाद मंडल कारा का अचानक औचक निरीक्षण किया। उनके आगमन से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी तुरंत व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए।निरीक्षण के दौरान आईजी ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों की सुरक्षा और आंतरिक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि निगरानी में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।मीडिया से बातचीत में सुदर्शन मंडल ने बताया कि उन्होंने खान-पान, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जेल मैनुअल के अनुसार सभी बंदियों को समय पर और गुणवत्ता युक्त भोजन मिलना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आईजी ने यह भी कहा कि जेल में सभी व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप संचालित हों और किसी भी तरह की शिकायत की गुंजाइश न रहे।औचक निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट है कि जेल प्रशासन को अनुशासन और व्यवस्था में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बंदियों को बेहतर सुविधा मिल सके और सुरक्षा पूरी तरह सुदृढ़ बनी रहे।