वाराणसी। शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। गुरुवार को स्मार्ट सिटी सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति की बैठक हुई, जिसमें निजी और सार्वजनिक पार्किंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए।बैठक में नगर निगम ने निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह के भीतर विस्तृत विवरण मांगा है, जिसमें पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या, उपलब्ध पार्किंग स्पेस और संचालन पर होने वाले खर्च की जानकारी शामिल होगी। यह कदम पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और आपत्तियों के निस्तारण के लिए उठाया गया है, ताकि शुल्क का निर्धारण तार्किक और पारदर्शी तरीके से किया जा सके।इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के लिए “पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट” बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। इन स्थानों पर चालक केवल सवारी उतारेंगे और तुरंत आगे बढ़ जाएंगे, जबकि वहां वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।नई व्यवस्था को लागू करने के संबंध में ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने सुझाव देने के लिए नगर निगम से 15 दिन का समय मांगा है।बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी पार्किंग संचालक, सार्वजनिक पार्किंग के ठेकेदार और ऑटो यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी पक्षों का सहयोग जरूरी है।