धनबाद : ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। फैंसी नंबर प्लेट के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और अब बाइक पर पीछे बैठने वाले सवार के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है।गुरुवार को रणधीर बर्मा चौक पर विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए। अभियान का नेतृत्व अरविन्द कुमार सिंह कर रहे थे।डीएसपी ने बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत केवल हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) ही मान्य है। फैंसी, स्टाइलिश या जातिसूचक नंबर प्लेट लगाना कानूनन अपराध है। अभियान के दौरान एक कार से फैंसी नंबर प्लेट हटवाकर वैध नंबर प्लेट लगवाई गई।उन्होंने कहा कि जिले में लगभग 99% बाइक चालक हेलमेट का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन जो लोग नियम तोड़ रहे हैं उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अब बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना जरूरी कर दिया गया है, ताकि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों को कम किया जा सके।इसके अलावा, ट्रैफिक पुलिस द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष जांच और निगरानी बढ़ाई गई है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, फैंसी नंबर प्लेट का उपयोग न करें और अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट जरूर पहने