स्पेशल टास्क फोर्स उत्तर प्रदेश को बड़ी सफलता मिली है। कमिश्नरेट कानपुर के थाना किदवई नगर में पंजीकृत गंभीर आपराधिक मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सुरजीत कुमार को एसटीएफ ने लखनऊ के चिनहट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।एसटीएफ के अनुसार, अभियुक्त सुरजीत कुमार पुत्र श्यामवली, निवासी ग्राम डमरूआ, थाना सिकरारा, जनपद जौनपुर, के खिलाफ मु0अ0सं0 20/2025 धारा 420, 406, 506, 386, 452, 120बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज था। अभियुक्त को 06 जनवरी 2026 को सेमरा, चिनहट (लखनऊ) से गिरफ्तार किया गया, जब वह फरार होने की फिराक में था।पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने भाई दिलीप राय बलवानी और भाभी रीता राय के साथ मिलकर कानपुर व अन्य शहरों में कमर्शियल और आवासीय फ्लैट/प्लॉट दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करता था। वर्ष 2021 में कानपुर निवासी भगवती प्रसाद मिश्र से कमर्शियल फ्लैट दिलाने के नाम पर विभिन्न बैंक खातों के माध्यम से धनराशि ट्रांसफर कराई गई। बाद में न तो फ्लैट दिया गया और न ही धनराशि लौटाई गई, बल्कि दबाव बनाने पर धमकियां दी गईं।इस मामले के अतिरिक्त अभियुक्त के खिलाफ थाना गोमतीनगर, लखनऊ में भी मु0अ0सं0 528/2023 धारा 420, 406 भादवि के अंतर्गत एक अन्य मुकदमा दर्ज है।गिरफ्तार अभियुक्त को संबंधित मामले में थाना किदवई नगर, कमिश्नरेट कानपुर में दाखिल कर दिया गया है। अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।