आगामी चुनाव तैयारियों को मजबूत करने के लिए जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) के तहत जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पद्मश्री से सम्मानित बनारस घराने के प्रख्यात सितारवादक शिवनाथ मिश्र से उनके भदैनी स्थित आवास पर मुलाकात की। जिलाधिकारी ने उनसे कुशलक्षेम पूछते हुए अभियान की विस्तृत जानकारी साझा की और गणना प्रपत्र प्रदान कर उसे सही तरीके से भरने का अनुरोध किया। साथ ही उपस्थित बीएलओ को निर्देश दिया कि परिवार के सभी सदस्यों का प्रपत्र भरवाकर संग्रहित किया जाए। सितारवादक शिवनाथ मिश्र ने भी आम मतदाताओं से इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय, दुर्गाकुंड-प्रथम स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गणना प्रपत्रों के भरने, संग्रहण और डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी मतदाता प्रक्रिया से वंचित न रहे। मौके पर उपस्थित दिव्यांग मतदाता राजकुमार पांडेय का प्रपत्र भरवाया गया और एईआरओ को इसके डिजिटलाइजेशन के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित छात्रों से मुलाकात कर उनका बेसिक गणितीय ज्ञान भी परखा।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वाराणसी में 31 लाख 53 हजार मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाया जा रहा है। इस कार्य के लिए जिले में 3,000 बीएलओ तैनात किए गए हैं, जो प्रत्येक मतदाता से संपर्क स्थापित कर प्रपत्र भरवा रहे हैं। इन प्रपत्रों को ईआरओ के माध्यम से डिजिटाइज किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई व्यक्ति प्रपत्र ऑफलाइन जमा नहीं कर पाता है, तो वह घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से भी इसे भर सकता है। उन्होंने सभी से समय पर इस प्रक्रिया को पूरा करने की अपील की।