धनबाद। संस्कार भारती धनबाद महानगर शाखा के तत्वावधान में भारतीय संविधान पर आधारित एक दिवसीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को डॉ. हेडगेवार भवन हॉल, जगजीवन नगर में किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में भारतीय संविधान, राष्ट्रीय मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें अतिथि के रूप में बिंदेश्वरी प्रसाद चौरसिया, इंद्रजीत सिंह, कृष्ण कुमार, सच्चिदानंद सिंह, विकास कांति खां , शिव शंकर धार,बरनाली गुप्ता ,धीरज कुमार शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम संयोजन की जिम्मेदारी श्री शिवशंकर धर एवं श्रीमती अर्चना वर्मा ने निभाई। संस्कार भारती का ध्येय गीत श्रीमती कुशन सेनगुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया, वहीं संस्था के परिचय एवं उद्देश्य पर प्रकाश बिंदेश्वरी चौरसिया ने डाला।संस्था के महामंत्री संजय सेंनगुप्ता ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं भावी पीढ़ी को संविधान के मूल आदर्शों से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। प्रतियोगिता चार वर्गों—ग्रुप ‘अ’, ‘ब’, ‘स’ और ‘द’—में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के 250 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं मैडल देकर सम्मानित किया गया तथा 25 जनवरी को डॉ. हेडगेवार भवन में मासिक सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में सभी विजेता प्रतियोगियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।पंजीकरण, प्रमाणपत्र लेखन, बैठने की व्यवस्था, सामग्री प्रबंधन एवं समग्र कार्यक्रम संचालन में संस्कार भारती के कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। अंत में श्री शिवशंकर धर द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। आयोजन ने बच्चों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों पर गहरी छाप छोड़ी और संस्कार, संस्कृति व संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया।कार्यक्रम को सफल बनाने में अर्चना वर्मा,स्वाति गुप्ता, काकुली सेनगुप्ता, मनोज, आरती साव, दीपा मोदक,अलका दास ,संगीता चटर्जी, रूमा मित्रा, अमर कुमार, जयशंकर धर, नूपुर सिल का महत्वपूर्ण भूमिका रही।