दुमका:सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत दुमका में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को डीसी चौक एवं गांधी मैदान के समीप सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना था।अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी, दुमका ने बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चालकों को फूलों की माला पहनाकर एवं तिलक लगाकर हेलमेट पहनने का संदेश दिया। वहीं, बिना सीट बेल्ट लगाए चारपहिया वाहन चालकों से भी रुककर सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई।इस अवसर पर मानवीय पहल के तहत दो जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क हेलमेट भी प्रदान किए गए। जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल कानूनी अनिवार्यता नहीं हैं, बल्कि ये जीवन की सुरक्षा के सबसे महत्वपूर्ण साधन हैं। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य, यातायात विभाग के अधिकारी एवं समाजसेवी संगठन भी शामिल रहे। सभी ने आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़क संस्कृति को अपनाने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस तरह के जागरूकता अभियान आगे भी जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर जारी रहेंगे।