रांची : राज्य में होने वाले निकाय चुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनाव की पूरी कमान अपने हाथ में लेते हुए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से मैदान में उतरने का निर्देश दिया है।सोमवार को मुख्यमंत्री ने अपने कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत के वार्ड अध्यक्षों एवं सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव की प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी होने की संभावना है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अभी से कमर कस लें।मुख्यमंत्री ने वार्ड अध्यक्षों को चुनावी टिप्स देते हुए कहा कि यह निकाय चुनाव पार्टी के लिए बेहद अहम है। उन्होंने केंद्रीय पदाधिकारियों, केंद्रीय सदस्यों और वार्ड अध्यक्षों को निर्देश दिया कि हर वार्ड, मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष और नगर पंचायत में केवल एक पार्टी समर्थित प्रत्याशी ही मैदान में हो। किसी भी परिस्थिति में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आपसी टकराव नहीं होना चाहिए।उन्होंने कार्यकर्ताओं से वार्ड और बूथ स्तर पर सक्रिय होकर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही सरकार द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।बैठक में पार्टी के सदस्यता अभियान और वार्ड कमेटियों की रिपोर्टिंग पर भी चर्चा की गई। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, केंद्रीय सचिव अभिषेक प्रसाद पिंटू, केंद्रीय सदस्य पवन जेडीया, अश्विनी शर्मा, अंतु तिर्की, समनूर मंसूरी, हेमलाल मेहता सहित रांची जिला के सभी वार्ड एवं प्रखंड अध्यक्ष और सचिव मौजूद थे।