रांची: देश की प्रमुख टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो का नेटवर्क गुरुवार शाम अचानक ठप पड़ जाने से लाखों यूजर्स को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नेटवर्क डाउन होते ही मोबाइल सिग्नल गायब हो गए, जिससे कॉलिंग, इंटरनेट और मैसेजिंग सेवाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। कई इलाकों में यूजर्स अपने मोबाइल पर “No Signal” का मैसेज देखते रहे और जरूरी काम ठप हो गए।नेटवर्क मॉनिटरिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, जियो नेटवर्क डाउन होने को लेकर 600 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं। यूजर्स ने खासकर मोबाइल कनेक्टिविटी, इंटरनेट स्पीड और जियो फाइबर सेवाओं में खराबी की शिकायत की। अचानक नेटवर्क बंद होने से ऑनलाइन काम करने वाले लोगों, छात्रों और डिजिटल पेमेंट करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।सोशल मीडिया पर भी यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने ट्वीट और पोस्ट कर अपनी नाराजगी जताते हुए कंपनी से जल्द सेवा बहाल करने की मांग की। कई यूजर्स ने लिखा कि नेटवर्क नहीं रहने से जरूरी कॉल और ऑनलाइन मीटिंग प्रभावित हो गईं।हालांकि कुछ घंटों बाद कई क्षेत्रों में सेवाएं धीरे-धीरे बहाल होने लगीं, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर देश की डिजिटल निर्भरता और नेटवर्क सिस्टम की मजबूती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल कंपनी की ओर से नेटवर्क डाउन होने के कारणों को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।