रांची : मनोज कौशिक, भा॰पु॰से॰, अपर पुलिस महानिदेशक, दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची के द्वारा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रांची एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) रांची की उपस्थिति में ट्रांसपोर्ट नगर, कांके स्थित बज्रगृह की सुरक्षा व्यवस्था एवं मतगणना की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।समीक्षा बैठक के दौरान बज्रगृह की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात व्यवस्था, मतगणना केंद्र के अंदर एवं बाहर सुरक्षा प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। अपर पुलिस महानिदेशक ने निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए।उन्होंने बज्रगृह की त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात संचालन के लिए विशेष प्लान लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए समुचित बंदोबस्त एवं समन्वय बनाए रखने को कहा गया।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि मतगणना के दिन किसी प्रकार की अफवाह या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।