रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज JSSC CGL के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि यह पल सिर्फ युवाओं का नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए खुशी और गर्व का क्षण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आप सभी के चेहरों की खुशी साफ बताती है कि लंबे इंतजार की घड़ी अब समाप्त हो चुकी है।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में JSSC CGL परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों द्वारा झेली गई कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में युवाओं ने कई चुनौतियों का सामना किया, जिसे वे स्वयं भली-भांति जानते हैं। उन्होंने दोहराया कि “नेक इरादा हो तो कोई भी मंजिल पाई जा सकती है।हेमंत सोरेन ने कहा कि आज JSSC CGL के तहत विभिन्न विभागों में हजारों युवाओं को नियुक्ति मिली है, जो राज्य के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार कहा।मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि इस चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया के दौरान सरकार के पदाधिकारी, JSSC और पुलिस के अधिकारी भारी दबाव में रहे। बावजूद इसके, उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ परत-दर-परत मामलों की जांच की और अपने पक्षों को जनता से लेकर न्यायालय तक मजबूती से रखा।उन्होंने JSSC और पुलिस के अधिकारियों को भी विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और ईमानदार प्रयासों का ही परिणाम है कि आज हजारों युवाओं के चेहरे पर मुस्कान है और उन्हें उनका हक मिला है।