*उपायुक्त, एसएसपी सहित वरीय पदाधिकारी रहे उपस्थित**औपचारिकता पूरी कर जमा हुईं मतपेटियां**पोलिंग पार्टियों के सुगम आवागमन के लिए था वन वे ट्रैफिक*नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद 1019 बूथ से पोलिंग पार्टियां राजकीय पॉलिटेक्निक पहुंचने लगी। पोलिंग पार्टियों के लिए विशेष रूप से 23 ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए थे। उनके वाहनों के लिए विनोद बिहारी चौक से बेकरबांध तक वन वे ट्रैफिक लागू किया गया था। रिसीविंग सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड आर्डर श्रीमती हेमा प्रसाद सहित अन्य वरीय प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।राजकीय पॉलिटेक्निक में माइक्रो आब्जर्वर प्रतिवेदन, मेडिकल कैंप, अव्यवहृत मतपेटी, हेल्प डेस्क, मोबाइल टॉयलेट के अलावा पोलिंग पार्टियों के लिए कई विशेष व्यवस्था की गई थी। मतपेटिका एवं चुनाव सामग्री रिसीव करने के लिए धनबाद नगर निगम के वार्ड संख्या 1 से 5, 6 से 10, 11 से 15, 16 से 20, 21 से 25, 26 से 30, 31 से 35, 36 से 40, 41 से 45, 46 से 50 एवं 51 से वार्ड संख्या 55 तथा चिरकुंडा नगर परिषद के वार्ड संख्या 1 से 21 के लिए अलग-अलग रिसीविंग काउंटर बनाए गए थे। हर काउंटर पर प्रवेश एवं निकास की अलग-अलग व्यवस्था थी।इसके अलावा पोलिंग पदाधिकारियों को विभिन्न प्रपत्र भरने के लिए विशेष पंडाल एवं हेल्प डेस्क भी उपलब्ध रहा। जहां बैठकर प्रपत्रों को भरकर, निर्धारित लिफाफे में सील कर संबंधित काउंटर में जमा कराया। इस दौरान वरीय पदाधिकारी भी भ्रमणशील रहे ताकि प्रपत्रों को भरने में कोई त्रुटि नहीं रहे।वहीं पीठासीन पदाधिकारी द्वारा व्यवहृत मतपेटी, विधिक पैकेट, अविधिक पैकेट, तिसरा पैकेट, पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा आदि के प्राप्ति के कार्य को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए धनबाद नगर निगम के 11 निर्वाची पदाधिकारी के लिए 11 कॉउण्टर के अधीन 33 उप-काउण्टर भी बनाए गए थे। जबकि चिरकुण्डा नगर परिषद में मतदान केन्द्रो की संख्या कम होने के कारण चार निर्वाची पदाधिकारी के लिए 4 कॉउण्टर थे। हर काउंटर पर कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।वहीं रिसीविंग सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर पालिका) सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने बताया कि देर रात तक सभी 1019 बूथ से मत पेटिका स्ट्रांग रूम पहुंच जाएंगी। सभी मतपेटिका पहुंच जाने के बाद स्ट्रांग रूम को सील कर दिया जाएगा। तत्पश्चात स्ट्रांग रूम थ्री लेयर सिक्योरिटी में रहेगा। 27 फरवरी 2026 को मतों की गिनती शुरू की जाएगी।